Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही कार्यालय के मुख्य गेट के सामने एनएच-131 (पूर्व में एनएच-106) सड़क किनारे बने नाले के धंस जाने से शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एफसीआई गोदाम से चावल लोड कर बाहर निकल रहा एक ट्रक अचानक नाले पर चढ़ते ही धंस गया, जिससे ट्रक का एक पहिया नाले में फंस गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक एफसीआई गोदाम से चावल लेकर मुख्य सड़क की ओर निकल रहा था। जैसे ही ट्रक नगर पंचायत कार्यालय के सामने बने नाले के ऊपर से गुजरने लगा, अचानक नाले का हिस्सा धंस गया और ट्रक का पहिया उसमें फंस गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि उक्त नाले का निर्माण महज तीन माह पूर्व ही कराया गया था। इतने कम समय में नाले के धंस जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और निर्माण कार्य मजबूती से नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण मानकों के अनुरूप कार्य हुआ होता तो इतनी जल्दी नाला नहीं धंसता।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एनएचआई द्वारा कराए गए इस नाला निर्माण के बाद से कई स्थानों पर नाले में दरार और धंसने की शिकायत सामने आ चुकी है। अब ट्रक फंसने की घटना ने निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है।
घटना के बाद लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है कि करोड़ों की योजनाओं में यदि गुणवत्ता से समझौता किया जाएगा तो आम लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।







