सुपौल: भपटियाही में NUJ का जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित, बदलते दौर में पत्रकारिता और AI की चुनौतियों पर मंथन

सुपौल के भपटियाही में एनयूजे बिहार की जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन में पत्रकारिता के बदलते दौर और AI की चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई। सम्मेलन में विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आर. एस. समेत कई अधिकारियों ने पत्रकारिता की जिम्मेदारियों और तकनीक के प्रभाव पर अपने विचार रखे।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के भपटियाही में रविवार को नेशनलिस्ट्स यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) बिहार की सुपौल इकाई के तत्वावधान में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर से आए पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “पत्रकारिता के बदलते दौर और AI की चुनौतियां” रहा, जिस पर वक्ताओं ने विस्तार से अपने विचार रखे।

सम्मेलन में उपस्थित विधायक व अन्य

कार्यक्रम का शुभारंभ निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, भपटियाही प्रखंड प्रमुख विजय यादव, एनयूजे बिहार के प्रदेश सचिव कुमार अमर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन में प्रशासनिक स्तर से डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आर. एस., बीडीओ अच्युतम कुमार, सीओ धीरज कुमार, भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम को सम्मानित करते आयोजक

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, लेकिन जमीनी सच्चाई और निष्पक्षता ही पत्रकारिता की असली पहचान है। उन्होंने पत्रकारों से समाजहित में निर्भीक होकर कार्य करने का आह्वान किया।

एसपी को सम्मानित करते आयोजक

जिलाधिकारी सावन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने हर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और पत्रकारिता भी इससे अछूती नहीं है। उन्होंने कहा कि AI खबरों को तेज और व्यापक बना सकता है, लेकिन तथ्यों की पुष्टि और मानवीय संवेदनाओं की समझ केवल एक जिम्मेदार पत्रकार ही दे सकता है। उन्होंने कहा कि हमे मीडिया का सहयोग मिलता रहता है। चाहे कोई समस्या हो, चाहे कोई परेशानी हो हर चीजों की जानकारी मीडिया के माध्यम से हमे तुंरत मिल जाती है जिसपर समय रहते समाधान कर दिया जाता है। कहा कि मीडिया का हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहता है। उन्होंने पत्रकारों से तकनीक को अपनाने के साथ-साथ उसकी चुनौतियों को समझने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकार

एसपी शरथ आर. एस. ने कहा कि पत्रकार और पुलिस दोनों समाज के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे सत्यापित और प्रमाणिक खबरों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस को पत्रकारों की जरूरत है ताकि निगेटिव खबरों की पहचान हो सके।

सम्मेलन में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, खबरों की विश्वसनीयता और AI के बढ़ते हस्तक्षेप जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन के उपस्थित सभी पत्रकारों को उपहार, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत मे आयोजकों ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और पत्रकारों ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिला सम्मेलन ने न केवल पत्रकारों को एक मंच प्रदान किया, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान और आत्ममंथन का भी अवसर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सरायगढ़-भपटियाही के समस्त पत्रकारों का अहम योगदान रहा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]