सुपौल: सिमराही में एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमराही एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक राकेश पाण्डेय की मौत हो गई। मृतक परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही स्थित एनएच-27 पर सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सिमराही मछली मार्केट के समीप रात करीब 11 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतक की पहचान सिमराही नगर पंचायत के दिना दास टोला वार्ड संख्या-2 निवासी योगेन्द्र पाण्डेय के 29 वर्षीय पुत्र राकेश पाण्डेय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि राकेश किसी काम से बाइक से निकले थे, तभी एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक का फाइल फोटो

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

राकेश पाण्डेय अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। मृतक के पुत्र आदित्य कुमार और अंकित कुमार दोनों की उम्र करीब 10 वर्ष बताई जा रही है, जबकि पुत्री प्रिया कुमारी मात्र 7 वर्ष की है। पिता की मौत के बाद मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मंगलवार सुबह जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, मृतक के घर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पत्नी सरिता देवी, मां माला देवी और पिता योगेन्द्र पाण्डेय का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बार-बार बेसुध होकर राकेश को याद कर विलाप कर रहे थे। मां और पत्नी की चीख-पुकार सुन पूरे मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राकेश बेहद मिलनसार और जिम्मेदार युवक थे। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]