सुपौल: कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच डीएम ने किया तटबंध का निरीक्षण, अधिकारियों को 24×7 निगरानी का निर्देश

कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने वीरपुर स्थित पूर्वी कोशी तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 24×7 निगरानी, सतर्कता और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया।

Report: A.K Chaudhary

कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुपौल जिले में बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने पूर्वी कोशी तटबंध प्रमंडल-2, वीरपुर के स्पर किलोमीटर 10.00 का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया तथा बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया कि तटबंध की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की संभावित क्षति या आपात स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों, मशीनरी एवं मानवबल को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी अभियंताओं एवं कर्मियों को 24×7 सतर्कता बनाए रखने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा हर गतिविधि पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी संभावित खतरे या असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इधर, कोसी बैराज से सोमवार रात्रि 8 बजे 2 लाख, 55 हजार, 425 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। कोसी नदी ने जलस्तर  में लगातार वृद्धि हो रही है।

Leave a Comment