सुपौल: PNB भैरोपट्टी शाखा के स्थानांतरण की सूचना पर फूटा खाताधारकों का गुस्सा, बैंक के बाहर सत्याग्रह शुरू

त्रिवेणीगंज के भैरोपट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की सूचना के विरोध में सैकड़ों खाताधारक बैंक के बाहर सत्याग्रह पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने शाखा का स्थानांतरण रोकने की मांग करते हुए उच्च अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की भैरोपट्टी शाखा को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की सूचना के बाद खाताधारकों में भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार को सैकड़ों ग्राहक और स्थानीय लोग बैंक के बाहर सत्याग्रह पर बैठ गए तथा शाखा का स्थानांतरण रोकने की मांग करने लगे। सुबह से लगातार बारिश होने के बावजूद बड़ी संख्या में खाताधारक बैंक परिसर के बाहर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि बैंक शाखा को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया गया तो क्षेत्र के हजारों ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

खाताधारकों ने बताया कि इस क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। ऐसे में घर की महिलाएं नजदीक स्थित बैंक शाखा से आसानी से पैसे की जमा-निकासी कर लेती हैं। इसके अलावा बुजुर्गों को पेंशन प्राप्त करने में भी सुविधा होती है। उनका कहना है कि शाखा के स्थानांतरण से आम लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों की कठिनाइयां बढ़ जाएंगी।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बैंक के उच्च अधिकारियों की ओर से शाखा का स्थानांतरण नहीं किए जाने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका सत्याग्रह जारी रहेगा। सत्याग्रह के कारण दोपहर करीब दो बजे तक बैंक में सामान्य कामकाज शुरू नहीं हो सका। प्रदर्शन की वजह से बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

जानकारी के अनुसार, पीएनबी भैरोपट्टी शाखा की स्थापना वर्ष 1989 में हुई थी। वर्तमान में इस शाखा से लगभग 30 हजार खाताधारक जुड़े हुए हैं।

इस संबंध में शाखा प्रबंधक निशांत शेखर ने बताया कि बैंक के बाहर खाताधारकों का सत्याग्रह चल रहा है, जिसके कारण बैंक निर्धारित समय पर नहीं खुल सका। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग से क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) को मोबाइल के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। विभाग से जो भी निर्देश प्राप्त होगा, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बैंक के बाहर खाताधारकों का सत्याग्रह जारी है।

Leave a Comment