न्यूज एक्सप्रेस बिहार की खबर का असर: गणपतगंज बाजार से हटा कचरे का अंबार, प्रशासन ने जेसीबी से कराई सफाई

न्यूज एक्सप्रेस बिहार में गणपतगंज बाजार की गंदगी और दुर्गंध को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शुक्रवार को जेसीबी से कचरे की सफाई कराई गई। बीडीओ सत्येंद्र कुमार ने कचरा फैलाने वाले दुकानदारों को नोटिस देने की बात कही, जबकि जनप्रतिनिधियों ने भविष्य में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज बाजार में एनएच-131 किनारे फैले कचरे और उससे उठ रही दुर्गंध को लेकर न्यूज एक्सप्रेस बिहार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शुक्रवार को प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समिति के सहयोग से जेसीबी मशीन लगाकर सड़क किनारे जमा कचरे की सफाई कराई गई। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।

जेसीबी से हटाया गया कचरा

गौरतलब है कि गुरुवार को “गणपतगंज बाजार में कचरे का अंबार, दुर्गंध से राहगीर परेशान; सावन से पहले सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल” शीर्षक से प्रकाशित खबर में बाजार की बदहाल सफाई व्यवस्था, मंदिर जाने वाले मार्ग पर फैली गंदगी और श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान शुरू कराया।

मौके पर उपस्थित बीडीओ व अन्य जनप्रतिनिधि

बीडीओ बोले- कचरा फैलाने वालों को जारी होगा नोटिस

राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बाजार क्षेत्र में जमा कचरे को साफ करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कचरा फेंकने वाले दुकानदारों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। भविष्य में दोबारा इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

मुखिया ने कहा- प्रशासन की सूचना पर कराई गई सफाई

स्थानीय मुखिया कमलेश साह ने कहा कि सड़क किनारे जमा कचरे से लगातार दुर्गंध फैल रही थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। प्रशासन की सूचना मिलने के बाद तत्काल जेसीबी लगाकर कचरे की सफाई कराई गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी।

सुपौल: गणपतगंज बाजार में कचरे का अंबार, दुर्गंध से राहगीर परेशान; सावन से पहले सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

पढ़े गुरुवार को प्रकाशित खबर

समिति ने दी सख्त चेतावनी

पंचायत समिति के सदस्य अताउर रहमान ने बताया कि इस समस्या को लेकर समिति की बैठक हुई है। सभी दुकानदारों से अपील की जाएगी कि वे सड़क किनारे कचरा नहीं फेंकें और बाजार को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समझाने के बाद भी कोई दुकानदार गंदगी फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “बाजार में इस तरह की गंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

सफाई अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ न्यूज एक्सप्रेस बिहार का भी आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि सावन माह शुरू होने से पहले बाजार और बाबा भीमशंकर मंदिर जाने वाले मार्ग की सफाई होने से श्रद्धालुओं और राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने और कचरा फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Comment

[democracy id="1"]