सुपौल: सिमराही नगर पंचायत का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, दो दिन में कचरा हटाने के निर्देश

वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्र में फैले कचरे पर नाराजगी जताते हुए दो दिनों के भीतर सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही नगर पंचायत के कार्यों, होल्डिंग टैक्स व जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल के एसडीएम विनय कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का अचानक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया भी उनके साथ मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान नगर कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली कार्यालय में उपस्थित नहीं मिलीं। एसडीएम ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से उनके दायित्वों, कार्य निष्पादन और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित शाखाओं के अभिलेखों का भी अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

नगर क्षेत्र की साफ-सफाई को लेकर मिल रही शिकायतों पर एसडीएम ने विशेष रूप से नाराजगी जताई। उन्होंने लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी दीपक कुमार से मोबाइल फोन पर बातचीत कर निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नगर पंचायत सिमराही में उपस्थित रहकर स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी करें। साथ ही यह भी कहा कि जिन दिनों वे सिमराही में कार्य करेंगे, उसकी लिखित सूचना पहले से उपलब्ध कराई जाए ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।

एसडीएम ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जमा कचरे को गंभीर समस्या बताते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर सभी स्थानों से कचरा हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय परिसर तथा प्रखंड कार्यालय परिसर में जमा कूड़े-कचरे की भी तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा स्वच्छता निरीक्षक एवं सफाई सुपरवाइजर से सफाई व्यवस्था, संसाधनों और नियमित सफाई अभियान की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की। इस क्रम में नगर क्षेत्र में आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों की संख्या, होल्डिंग टैक्स की वसूली की प्रगति तथा जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि यह नियमित प्रशासनिक निरीक्षण का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि अधिकांश कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन बाजार क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नगर क्षेत्र को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]