Report: Amresh Kumar
सुपौल पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 67 ग्राम स्मैक समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सदर थाना क्षेत्र के विद्यापुरी वार्ड संख्या-02 स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार, भूषण कुमार, चंदन कुमार और प्रमोद कुमार यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 67 ग्राम स्मैक, दो गैस लाइटर, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन एटीएम कार्ड, एक वोटर आईडी कार्ड, एक पैन कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 11,760 रुपये नकद बरामद किए।
एसडीपीओ ने बताया कि बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध सुपौल सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।







