सावन को लेकर बाबा भीमशंकर मंदिर में तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार बदली गई पूरी व्यवस्था, जानिए प्रवेश से लेकर निकास तक का रूट

राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर में 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस बार प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, दुकानों की व्यवस्था, मेडिकल टीम, सीसीटीवी और पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन माह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मंदिर न्यास समिति और प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा भीमशंकर का जलाभिषेक कर सकें।

मंदिर परिसर में लग रहा टेंट व बेरिकेटिंग

तैयारियों की लगातार समीक्षा वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार तथा राघोपुर अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया द्वारा की जा रही है। दोनों पदाधिकारी प्रतिदिन मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

शिवगंगा से गर्भ गृह तक लगा बेरिकेटिंग

मंदिर परिसर में टेंट, बैरिकेडिंग, दुकानों की व्यवस्था, फूल विक्रेताओं, होटल, प्रसाद की दुकानों सहित सभी व्यवस्थाओं पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। मंदिर न्यास समिति के सचिव संजीव यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी तथा अन्य सदस्य सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में मौजूद रहकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

जलाभिषेक के लिए बदली गई प्रवेश और निकास व्यवस्था

प्रशासन ने विशेष रूप से सोमवार को होने वाली अधिक भीड़ को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं का प्रवेश हाथी गेट से कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालु मंदिर कार्यालय के बगल से होकर पार्वती मंदिर के पीछे, मां बाबूजी धर्मशाला के सामने से होते हुए शिवगंगा पहुंचेंगे। शिवगंगा में जल भरने के बाद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतार बैरिकेडिंग के माध्यम से बनाई जाएगी।

कार्यो का जायजा लेते अंचलाधिकारी

इसके बाद दोनों कतारों को व्यवस्थित तरीके से बाबा भीमशंकर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचाया जाएगा, जहां श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को गर्भगृह के दक्षिणी द्वार से बाहर निकाला जाएगा। निकास के दौरान श्रद्धालु पार्वती मंदिर में पूजा करेंगे, फिर शिव मंदिर के पीछे से होते हुए विष्णु मंदिर की ओर पूजा करने जाएंगे। इसके बाद शिव मंदिर और भैरव मंदिर के बीच बने निकास मार्ग से पश्चिम दिशा की ओर निकलते हुए हटिया गेट के रास्ते मंदिर परिसर से बाहर आएंगे।

दुकानों की भी की गई अलग-अलग व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए मंदिर परिसर में दुकानों का स्थान भी निर्धारित कर दिया गया है। फूल विक्रेताओं की दुकानें शिवगंगा के दोनों तरफ लगाई गई हैं। चंदन तिलक लगाने का काउंटर विश्वकर्मा मंदिर के सामने कैंपस में लगाया गया है। प्रसाद, पूजन सामग्री, मनिहारी एवं खिलौनों की दुकानें मंदिर परिसर के उत्तरी भाग में दुर्गा मंदिर के सामने वाले परिसर में लगाई गयी है।

शौचालय और अन्य सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्गा मंदिर के पीछे नए शौचालय का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा पूरे मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है।

मंदिर पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर रहेगी कड़ी निगरानी

अब मंदिर परिसर आने वाले सभी मुख्य रास्ते की बात करें तो सावन के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए मंदिर पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। गणपतगंज बाजार में NH 131 से मंदिर आने वाले मुख्य सड़क पर पर बैरिकेडिंग के साथ मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल तैनात रहेगा। उसी रास्ते मे नहर पुल के समीप भी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गद्दी की ओर से आने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। मंदिर परिसर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर वाहनों को रोक दिया जाएगा, जहां से केवल पैदल ही मंदिर तक जाने की अनुमति होगी। डुमरी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सरकारी पोखर के पास बैरिकेडिंग रहेगी। किसान चौक की ओर से आने वाले मार्ग पर रामजानकी ठाकुरबाड़ी के पास भी बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इन सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे।

हाथी गेट और हटिया गेट पर विशेष सुरक्षा

मंदिर के प्रवेश द्वार हाथी गेट और निकास द्वार हटिया गेट पर थाना पुलिस द्वारा ट्रॉली बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। दोनों स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल  तैनात रहेंगे ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

मेडिकल, अग्निशमन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग की व्यवस्था रहेगी। भीड़ की निगरानी के लिए मंदिर परिसर में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी मंदिर कार्यालय के साथ-साथ स्वयं एसडीएम विनय कुमार भी करेंगे।

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरे परिसर में दिशा सूचक (एरो) वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही लगातार उद्घोषणा के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी दी जाएगी।

प्रशासन और मंदिर न्यास समिति का कहना है कि इस वर्ष सावन मेले में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित दर्शन की व्यापक तैयारी की गई है, ताकि हर श्रद्धालु शांतिपूर्वक बाबा भीमशंकर का जलाभिषेक कर सके।

मंदिर न्यास समिति एवं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग का पालन करें, बैरिकेडिंग व्यवस्था का सहयोग करें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक बाबा भीमशंकर का जलाभिषेक करें। इससे सभी श्रद्धालुओं को सुगमता एवं सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]