Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की सख्त निगरानी के बीच अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मद्य निषेध सिमराही थाना पुलिस ने शनिवार रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 एमएल का 102 बोतल यानी 30.600 लीटर दिलवाले ब्रांड की अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार दोनों तस्कर की पहचान सिमराही वार्ड 14 पासी टोला निवासी पिंटू कुमार एवं मनीष कुमार के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही के पिपराही रोड से एक सिटी रिक्शा के सीट के अंदर छिपा के अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सिमराही के पिपराही रोड से 102 बोतल दिलवाले शराब बरामद की गई तथा मौके से दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सिटी रिक्शा को भी जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि शराब तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







