Report: A.K. Chaudhary
सुपौल संसदीय क्षेत्र में रेल यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबे समय से लंबित रेल समस्याओं के समाधान को लेकर सुपौल के सांसद एवं संसदीय जनता दल (यू) के नेता दिलेश्वर कामैत ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने सुपौल संसदीय क्षेत्र से जुड़ी रेल सुविधाओं को लेकर तीन महत्वपूर्ण मांग-पत्र रेल मंत्री को सौंपे और इनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
सांसद दिलेश्वर कामैत ने रेल मंत्री के समक्ष कहा कि कोसी क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, मरीज, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग तथा अन्य यात्री पटना, दिल्ली समेत देश के विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं में विस्तार होने से आम यात्रियों को राहत मिलने के साथ-साथ सुपौल और कोसी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
सुपौल या त्रिवेणीगंज से पटना के लिए रात्रिकालीन ट्रेन की मांग
सांसद ने अपनी पहली मांग के रूप में समस्तीपुर मंडल अंतर्गत सुपौल अथवा त्रिवेणीगंज रेलवे स्टेशन से रात्रि के समय पटना या दानापुर के लिए मेल/एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पटना आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर छात्र, मरीज, व्यवसायी एवं नौकरीपेशा लोगों के लिए रात्रिकालीन ट्रेन का परिचालन काफी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने मांग की कि यह ट्रेन वाया सहरसा या दरभंगा होकर पटना अथवा दानापुर तक संचालित की जाए, ताकि सुपौल संसदीय क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध हो सके।
नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल ट्रेन को स्थायी करने की मांग
सांसद ने दूसरी महत्वपूर्ण मांग गाड़ी संख्या 04071/04072 नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन को लेकर रखी। उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि इस ट्रेन का परिचालन 17 जुलाई 2026 से बंद कर दिया गया था, जिससे दिल्ली और सुपौल के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। सांसद दिलेश्वर कामैत ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए पूर्व में लोकसभा में नियम 377 के अधीन भी मामला उठाया था और रेल मंत्री से ट्रेन का पुनः परिचालन शुरू कराने का आग्रह किया था। सांसद के प्रयास और मांग के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 6 अगस्त 2026 से नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन का परिचालन पुनः शुरू करा दिया है। इस पर सांसद ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
हालांकि, सांसद ने स्पष्ट रूप से मांग की कि इस ट्रेन को केवल स्पेशल ट्रेन के रूप में सीमित अवधि तक नहीं, बल्कि स्थायी रूप से नियमित ट्रेन के रूप में संचालित किया जाए, ताकि सुपौल और दिल्ली के बीच यात्रियों को सालभर सुगम रेल सेवा उपलब्ध हो सके। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को लिखित पत्र भी सौंपा।
वैशाली एक्सप्रेस का गढ़बरुआरी में ठहराव
तीसरी मांग के रूप में सांसद ने गाड़ी संख्या 15565/15566 वैशाली एक्सप्रेस का गढ़बरुआरी रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गढ़बरुआरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में यात्रियों को इस ट्रेन से लाभ मिल सकता है। वैशाली एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का यहां ठहराव मिलने से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
रेल मंत्री ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
मुलाकात के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद दिलेश्वर कामैत द्वारा उठाई गई सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। सांसद के अनुसार, रेल मंत्री ने इन मांगों पर यथाशीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।







