Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाईन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम गठित की गई है। वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को सुबह 10 बजे पॉलिटेक्निक संस्थान में सभी छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
इस संबंध में रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से आदेश जारी कर मेडिकल टीम में पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार डॉ. पुतुल कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम कुमारी संगीता, एएनएम कविता कुमारी तथा सीएचओ विपिन कुमार को टीम में शामिल किया गया है।
आदेश में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर राजकीय पॉलिटेक्निक करजाइन पहुंचकर छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य जांच के दौरान विद्यार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित तिथियों पर मेडिकल टीम की उपस्थिति सुनिश्चित कर स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जाएगी।








