Report: A.K. Chaudhary
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं आम उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को त्रिवेणीगंज में सोलर सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत रहे।

कैंप में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सुपौल के विद्युत कार्यपालक अभियंता, त्रिवेणीगंज प्रखंड प्रमुख, बीस सूत्री अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि, वेंडर सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सोलर रूफटॉप स्थापित कर चुके लाभुकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ऋण वितरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा पात्र लाभुकों के बीच चेक का वितरण भी किया गया।
कैंप में योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। इसी प्रकार 2 किलोवाट पर केंद्र से 60 हजार और राज्य से 20 हजार रुपये, जबकि 3 किलोवाट पर केंद्र से 78 हजार और राज्य से 20 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
कार्यक्रम में उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने से बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।







