सुपौल: राघोपुर थाना परिसर में बच्चों ने थानाध्यक्ष को बांधी राखी, भाई-बहन के स्नेह का दिया संदेश

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के पिपराही स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के बच्चों ने गुरुवार को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास और प्रेमभाव के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं राघोपुर थाना परिसर पहुंचे और थानाध्यक्ष अमित कुमार को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

थानाध्यक्ष को राखी बांधती स्कूली बच्ची

बच्चों ने थानाध्यक्ष की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। इस दौरान थाना परिसर का माहौल भी खुशनुमा हो गया। बच्चों के इस स्नेह और अपनत्व से पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी काफी प्रसन्न नजर आए।

इस अवसर पर बच्चों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का भी पर्व है। पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए रक्षाबंधन के अवसर पर थाना परिसर पहुंचकर उन्हें राखी बांधना बच्चों के लिए विशेष अनुभव रहा।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बच्चों द्वारा बांधी गई राखी को स्नेहपूर्वक स्वीकार करते हुए सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि बच्चों को भारतीय पर्व-त्योहारों की परंपरा और उनके सामाजिक महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। राघोपुर थाना परिसर में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान बच्चों और पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment

[democracy id="1"]