रेफरल अस्पताल राघोपुर में प्रसव के बाद रुपये लेने का आरोप, परिजन ने डीएम से की शिकायत

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के रेफरल अस्पताल राघोपुर में प्रसव के बाद परिजनों से कथित रूप से रुपये लिए जाने का मामला सामने आया है। राघोपुर प्रखंड अंतर्गत हुलास पंचायत के वार्ड संख्या 07 निवासी उपेंद्र शर्मा ने इस संबंध में सुपौल के जिलाधिकारी, सिविल सर्जन तथा रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में उपेंद्र शर्मा ने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे उनकी पुत्रवधू मीणा देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचे, जहां पर्ची कटाने के बाद प्रसव कक्ष में भर्ती कराया गया। उपेंद्र शर्मा के अनुसार, उस समय एएनएम नीतू कुमारी और मनीमाला कुमारी की ड्यूटी प्रसव कक्ष में थी।

ये खबर भी पढ़े : https://newsexpressbihar.com/baba-bhimshankar-mandir-lekhapal-shekhar-kumar-par-karwai/

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद परिजनों को मरीज के पेट में पानी का थैला फटने की जानकारी दी गई और कुछ दवाएं बाहर से लाने के लिए कहा गया। परिजनों ने बाजार से दवाइयां खरीदकर अस्पताल में उपलब्ध कराईं।

शिकायत के मुताबिक, 30 अगस्त की सुबह करीब छह बजे मीणा देवी ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद कथित तौर पर ड्यूटी पर मौजूद नर्सों ने खर्च के नाम पर परिजनों से रुपये देने को कहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नर्सों ने अपनी ड्यूटी सुबह आठ बजे तक होने की बात कहते हुए जल्द रुपये देने का दबाव बनाया।

उपेंद्र शर्मा ने आवेदन में दावा किया है कि लगातार दबाव बनाए जाने के बाद उन्होंने अपनी जेब में मौजूद 1400 रुपये एक नर्स को दे दिए। उन्होंने यह भी बताया कि वह दोनों एएनएम को नाम से व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते हैं, लेकिन सामने आने पर रुपये लेने वाली नर्स की पहचान चेहरे से कर सकते हैं।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी और सिविल सर्जन से पूरे मामले की जांच कराने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अस्पताल कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, मामले में एएनएम मनीमाला ने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनलोगों के ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं और इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।

इस संबंध में रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम ने कहा कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]