सुपौल: बाबा भीमशंकर मंदिर में मारपीट-गालीगलौज के आरोप पर एसडीएम की कार्रवाई, लेखपाल को मंदिर की गतिविधियों से किया प्रतिबंधित

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर महादेव स्थान मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान मारपीट एवं गाली-गलौज के आरोपों के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार द्वारा जारी आदेश आदेश में इस कृत्य को अमर्यादित एवं अनुशासनहीनता प्रदर्शित करने वाला बताते हुए कहा गया है कि उक्त परिस्थितियों को देखते हुएमंदिर के लेखापाल शेखर कुमार को मंदिर प्रबंधन समिति की सभी गतिविधियों एवं कार्यों के निष्पादन से तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है

दरअसल, मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने इस संबंध में राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर लेखापाल शेखर कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की शाम अनुमंडल पदाधिकारी, वीरपुर के आदेशानुसार बाबा भीमशंकर महादेव स्थान मंदिर में चढ़ावे की राशि की गिनती की जा रही थी। चढ़ावे की गिनती पंचायत सचिव अर्जुन कुमार, मंदिर के सचिव संजीव कुमार यादव एवं योगेंद्र साह की मौजूदगी में CCTV कैमरे की निगरानी में की जा रही थी। इसी दौरान मंदिर के लेखापाल शेखर कुमार शराब के नशे में मंदिर परिसर में पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उन्होंने कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी के साथ कथित तौर पर मारपीट की। आवेदन में यह भी कहा गया कि लेखापाल द्वारा पंचायत सचिव के साथ भी गाली-गलौज की गई। कोषाध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम का साक्ष्य मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरे में होने की बात कही है।

मंदिर के गर्भगृह से मिली घड़ी ले जाने का भी आरोप

कोषाध्यक्ष की ओर से दिए गए आवेदन में लेखापाल शेखर कुमार पर मंदिर के गर्भगृह से प्राप्त एक भक्त की घड़ी अपने साथ ले जाने का भी बात कहा गया है। आवेदनकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करते हुए आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम ने कहा- आवेदन में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए की गई कार्रवाई 

मामले में कार्रवाई करते हुए वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी द्वारा लेखापाल शेखर कुमार के विरुद्ध दिए गए आवेदन में मंदिर परिसर में गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को चढ़ावे की गिनती के दौरान हुई घटना को लेकर प्राप्त शिकायत के आधार पर शेखर कुमार को मंदिर प्रबंधन समिति की सभी गतिविधियों एवं कार्यों के निष्पादन से तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच के लिए राघोपुर थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]