
सुपौल जिले के सिमराही स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी के पूर्व छात्र दीपांशु कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) एवं जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) पद के लिए अपनी योग्यता भी सिद्ध की है।
दीपांशु कुमार की इस सफलता पर द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह दीपांशु के कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है। उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि निरंतर मेहनत एवं दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के डायरेक्टर विनय चांद ने दीपांशु कुमार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे आगे भी सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की सेवा करें। उन्होंने कहा कि दीपांशु कुमार की उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करेगी।







