सुपौल: राघोपुर में सड़क हादसा, ई-रिक्शा को चारपहिया वाहन ने मारी टक्कर, बच्ची समेत पांच घायल

oplus_2097152

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर एनएच-131 के रेल ओवरब्रिज पर गुरुवार को तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने ई-रिक्शा में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक और चार यात्रियों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक चार वर्षीय बच्ची भी शामिल है। घटना ओवरब्रिज के राघोपुर की ओर स्थित शुरुआती हिस्से में हुई।

घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि ई-रिक्शा गद्दी की ओर से आ रहा था और राघोपुर में एनएच-131 की पूर्वी सर्विस लेन से होकर ओवरब्रिज पर चढ़ रहा था। इसी दौरान सिमराही की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने ई-रिक्शा में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया।

ई-रिक्शा में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में घायलों की पहचान मकतब चौक वार्ड संख्या 14 निवासी 58 वर्षीय मो. हमीद, सौराजान वार्ड संख्या 14 निवासी 55 वर्षीय बीबी समीरुन, सौराजान वार्ड संख्या 14 निवासी 4 वर्षीय नगमा, हुलास बिचारी वार्ड संख्या 13 निवासी 30 वर्षीय बीबी नजरा तथा कमलदाह वार्ड संख्या 7 निवासी 28 वर्षीय सुलेखा देवी घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच-131 पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। वहीं, टक्कर मारने वाला चारपहिया वाहन मौके से निकल गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज के शुरुआती हिस्से में छोटा मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों को लेकर अक्सर परेशानी होती है। लोगों ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए ओवरब्रिज पर रेलिंग को और आगे तक बढ़ाने तथा सुरक्षा के अन्य इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Comment

[democracy id="1"]