आगामी पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार देर संध्या राघोपुर थाना परिसर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिमराही बाजार में लगातार लगने वाले जाम, सर्विस लेन पर अतिक्रमण, सड़क किनारे अनधिकृत रूप से लगाए जा रहे ठेला-खोमचा एवं दुकानों तथा NH-27 किनारे लगने वाले अवैध हाट को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अब सख्ती के साथ अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित व्यापार संघ के अध्यक्ष ललित जायसवाल, महेंद्र गुप्ता, अशोक साह, नगर पंचायत सिमराही के कर्मी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत को प्रतिदिन चालान काटने का निर्देश
बैठक के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने नगर पंचायत सिमराही के कर्मियों को अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सर्विस लेन पर किसी भी तरह का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रतिदिन चालान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने कहा कि सर्विस लेन आम लोगों एवं वाहनों के सुगम आवागमन के लिए है। इस पर दुकान, ठेला या अन्य सामग्री रखकर रास्ता बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
NH-27 किनारे लगने वाला अवैध हाट हटेगा
बैठक में NH-27 के किनारे अनधिकृत रूप से लगाए जा रहे हाट को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने इसे हटाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इस तरह बाजार लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में NH-27 किनारे लगने वाले अनधिकृत हाट को हटाया जाएगा।
वहीं, डाक बंगला परिसर के अंदर पीछे की ओर खाली जगह को चिह्नित कर वहां सब्जी, फल एवं अन्य खुदरा दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इससे सड़क एवं सर्विस लेन पर लगने वाली दुकानों को हटाकर बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अतिक्रमण हटने के बाद दोबारा नहीं लगने देने का निर्देश
बैठक में एसडीपीओ पवन कुमार ने राघोपुर थाना पुलिस को निर्देश दिया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देना सुनिश्चित करें। उन्होंने गश्ती दल को ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि अतिक्रमणकारी दोबारा सड़क या सर्विस लेन पर दुकान नहीं लगा सकें। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान में सहयोग करने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
बैठक के बाद एसडीएम विनय कुमार एवं एसडीपीओ पवन कुमार ने दुर्गा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर के आसपास के दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने दुकानदारों से कहा कि सड़क एवं मंदिर परिसर के आसपास अनधिकृत तरीके से दुकान या अन्य सामान लगाकर आवागमन बाधित न करें। अधिकारियों ने आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए मंदिर परिसर की व्यवस्था का भी जायजा लिया। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी निरीक्षण किया गया।
जर्जर पंचायत भवन हटाने की पहल
दुर्गा मंदिर परिसर में लंबे समय से बंद पड़े जर्जर पंचायत भवन को लेकर भी प्रशासन की ओर से पहल शुरू की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जर्जर भवन को हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। बताया गया कि भवन की स्थिति को देखते हुए इसे हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
कल से पूरे सिमराही बाजार में चलेगा विशेष अभियान
मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से कैसे संपन्न कराया जाए, यह बैठक का मुख्य विषय था। उन्होंने कहा कि सिमराही में लगने वाले जाम, सर्विस लेन पर अतिक्रमण और अनधिकृत रूप से लगाए जा रहे हाट एवं दुकानों को लेकर बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि कल से पूरे सिमराही बाजार में विशेष ड्राइव चलाया जाएगा। इसके तहत सर्विस लेन पर अतिक्रमण करने वाले तथा अनधिकृत रूप से ठेला एवं दुकान लगाने वाले लोगों से पहले अतिक्रमण हटाने की अपील की जाएगी। यदि दुकानदारों द्वारा स्वतः अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन सड़क किनारे से जिन दुकानदारों को हटा रहा है, उनके लिए वैकल्पिक जगह भी चिन्हित की जा रही है। जगह चिन्हित होने के बाद इन दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से वहां बसाने की पहल की जाएगी, ताकि उनकी आजीविका भी प्रभावित न हो और मुख्य सड़क एवं सर्विस लेन पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गोल बाजार सहित सिमराही बाजार के सभी हिस्सों से अतिक्रमण पूर्ण रूप से हटाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने आम लोगों एवं दुकानदारों से प्रशासन के अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।







