Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के भाजपा सिमराही नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगाड़िया के आवासीय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है।
बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत निर्धारित विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया गया। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जानी हैं। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम, ‘नमो सेवा-अवकथी कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
बैठक में अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया के माध्यम से सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगाड़िया ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। सिमराही नगर के कार्यकर्ता अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इसे सफल बनाएंगे और सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान सेवा, संपर्क और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा संगठन के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैद्यनाथ भगत, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, जिला महामंत्री अत्यंत पिछड़ा मोर्चा गणेश कुमार मंगलम, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार, नगर उपाध्यक्ष रमन झा, अत्यंत पिछड़ा मोर्चा नगर अध्यक्ष रेखा देवी, मंजू देवी, बूथ अध्यक्ष रवि तिवारी आदि उपस्थित थे।







