Report: A.K. Chaudhary
दिल्ली में एक कारोबारी के घर हुई चोरी के मामले में दिल्ली पुलिस ने बिहार के सुपौल जिले के प्रतापगंज पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार की रात थाना क्षेत्र के सुखानगर गांव में छापेमारी कर चोरी किए गए सोने और हीरे के जेवरात समेत चार लाख से अधिक रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद जेवरात की संख्या 115 बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, तिमारपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के घर में पांच सितंबर को चोरी की घटना हुई थी। मामले में दोनों भाइयों की शिकायत पर तिमारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर घर में काम करने वाले नौकरों की संलिप्तता सामने आई। इनमें बिहार के निर्मली थाना क्षेत्र निवासी अनिल कामत और उसका एक साथी शामिल था।
पुलिस के अनुसार, अनिल के साथी को दिल्ली में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उससे पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर दिल्ली पुलिस अनिल की तलाश में शनिवार को प्रतापगंज पहुंची। जांच में पता चला कि अनिल का ससुराल प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर पंचायत में है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार से संपर्क कर मामले की जानकारी दी और सहयोग मांगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और दिल्ली पुलिस के साथ सुखानगर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम को देखकर अनिल वहां से भागने में सफल रहा। हालांकि, उसके घर की तलाशी के दौरान भूसा घर में छिपाकर रखे 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने घर में मौजूद महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चोरी के सोने और हीरे के जेवरात को जमीन में छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने बताए गए स्थान पर जमीन की खुदाई कर जेवरात से भरा बैग बरामद किया। बैग से कुल 115 आइटम सोने और हीरे के आभूषण मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनिल के ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ पवन कुमार भी प्रतापगंज थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
एसडीपीओ पवन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अनिल मूल रूप से मरौना क्षेत्र का रहने वाला है। दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में अनिल गुप्ता और अनुज गुप्ता के घर चोरी के बाद वह चोरी का सामान अपने ससुराल सुखानगर में लाकर छिपाकर रखा था। दिल्ली पुलिस और प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में की गई संयुक्त छापेमारी में नकदी और जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामद सोने और हीरे के आभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य करोड़ों रुपये हो सकता है।
फिलहाल पुलिस फरार अनिल कामत की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बरामद जेवरात की वास्तविक कीमत का आकलन संबंधित जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।







