सुपौल: राघोपुर में संगठन विस्तार को लेकर कांग्रेस की बैठक, कार्यकर्ताओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का निर्देश

oplus_2097152

Report: A.K. Chaudhary

कांग्रेस संगठन को विस्तार करने, पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्ययोजना को लेकर मंगलवार को सुपौल जिले के राघोपुर डाक बंगला परिसर में प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जमील अनवर उर्फ टुन्ना ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रखंड प्रभारी शत्रुघ्न चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पंचायत एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से क्षेत्र में रहने और लोगों की समस्याओं को समझकर उनके बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारों को पहुंचाने की जरूरत है।

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जमील अनवर उर्फ टुन्ना ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि कार्यकर्ता आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनें और जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

बैठक में आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव भी रखे।

बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि रमेश यादव, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी, प्रमुख फिदा हुसैन, परमेश्वरी यादव, राजनारायण गुप्ता, दुर्गा चौधरी, प्रदीप कुमार, नवीन यादव, सुरेंद्र मंडल, बच्चा राम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]