सुपौल: धरहारा में विश्वकर्मा पूजा पर तीन दिवसीय मेला, दूसरे दिन देशभर के पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

Report: A.K. Chaudhary

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहारा स्थित खेदन बाबा के प्रांगण में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है। मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों और नेपाल से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और कुश्ती के करतब दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य अजय सिंह एवं राजद नेता बैद्यनाथ मेहता ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। इसके बाद अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बक्सर, मधुबनी, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, नेपाल, बनारस और दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेला परिसर में जुटे रहे। मुकाबले के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर एमएलसी अजय सिंह ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। कुश्ती हमारी पुरानी खेल परंपरा का हिस्सा है और ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पारंपरिक खेलों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

राजद नेता बैद्यनाथ मेहता ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर धरहारा में आयोजित यह मेला क्षेत्र की पुरानी परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और नेपाल से पहलवानों का यहां पहुंचना आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों को आगे भी निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और पारंपरिक खेलों से जुड़ी रहे।

मेला कमिटी के अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रत्येक वर्ष यहां मेला और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि मेले में दूर-दराज से भी लोग पहुंच रहे हैं और आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

मौके पर विद्याभूषण यादव, पप्पू चौधरी, मोहन यादव, रविन्द्र यादव, दिनेश यादव, प्रभु यादव, भूमेश यादव, राजेश यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *