Report: A.K. Chaudhary
सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर को लेकर प्रशासन की ओर से कई योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने और 14 काउंटर लगाए जाने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, मौके पर व्यवस्था और प्रचार-प्रसार को लेकर अलग तस्वीर देखने को मिली।

शिविर परिसर में विभिन्न विभागों के काउंटरों की पहचान के लिए पर्याप्त सूचना बोर्ड या संकेतक नजर नहीं आए। परिसर में जीविका विभाग का बोर्ड जरूर दिखाई दिया, जबकि अन्य विभागों की सेवाओं और काउंटरों से संबंधित स्पष्ट जानकारी लोगों को उपलब्ध कराने वाली व्यवस्था दिखाई नहीं दी।
शिविर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार और उद्यमी योजना सहित कई सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। इसके बावजूद शिविर में ग्रामीणों की संख्या काफी कम रही और टीसीपी भवन परिसर में अपेक्षित चहल-पहल नहीं दिखी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शिविर के आयोजन को लेकर गांव और पंचायत स्तर पर पर्याप्त जानकारी नहीं पहुंच सकी। कई संभावित लाभुकों को शिविर के समय, स्थान और वहां उपलब्ध योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पाई। ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविर लगाने के साथ-साथ पहले से व्यापक प्रचार-प्रसार करना भी जरूरी है।
ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों के माध्यम से लोगों को सूचना दी जाए तो जरूरतमंद लाभुक ऐसे शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
मामले में वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि यदि आम लोगों को शिविर की पर्याप्त सूचना नहीं दी गई है तो इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले शिविर से लोगों तक इसकी सूचना पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि शिविर से संबंधित विशेष जानकारी राघोपुर बीडीओ ही दे सकते हैं। वहीं राघोपुर बीडीओ से संपर्क करने पर उनके छुट्टी पर होने की जानकारी मिली।







