Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, पिपरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और छात्राओं की दिनचर्या का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं की कक्षाओं का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं से विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी पढ़ाई की स्थिति को समझा और उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी दी। कक्षा में मौजूद शिक्षकों को प्रायोगिक तरीकों का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए अध्यापन को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

इसके बाद डीएम ने विद्यालय के मेस का निरीक्षण किया और भोजन कर रही छात्राओं से खाने की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वयं छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
विद्यालय परिसर की साफ-सफाई को लेकर जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को जीविका के माध्यम से नियमित रूप से सफाई कराने का निर्देश दिया। वहीं छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने साफ-सफाई, स्वास्थ्य और पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी त्रिवेणीगंज, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।







