Report: A.K. Chaudhary
कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे नशा मुक्त कोशी अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पिछले एक सप्ताह में भारी मात्रा में अवैध शराब, गांजा, स्मैक समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस दौरान कुल 105 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इनमें अवैध शराब के मामले में 85 और सूखे नशे के कारोबार में संलिप्त 20 व्यक्ति शामिल हैं।
कोशी क्षेत्र, पुलिस उप-महानिरीक्षक कुमार आशीष के अनुश्रवण में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 के बीच की गई कार्रवाई में कुल 1275.555 लीटर अवैध शराब, 283.65 किलोग्राम गांजा, 187.66 ग्राम स्मैक, 0.296 लीटर अवैध कफ सिरप और 58 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 12 मोटरसाइकिल, एक तीन पहिया वाहन, दो चार पहिया वाहन और एक नाव भी जब्त की गई है।
फरवरी से अब तक 2343 तस्कर गिरफ्तार
नशा मुक्त कोशी अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। तब से अब तक पुलिस की कार्रवाई में कुल 2343 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस दौरान 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4,317.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 7,260.705 किलोग्राम गांजा और 8,284.552 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।

इसके अलावा 13,042 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट और एक पैकेट सिरिंज भी जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान हथियार और अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। इनमें दो विदेश निर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, छह देसी कट्टा, एक देसी मस्केट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस शामिल हैं।
पुलिस ने तस्करी से जुड़े मामलों में 92 मोबाइल फोन, 35 चार पहिया वाहन, दो नाव, एक ट्रक, एक लोहे की भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू भी बरामद किए हैं। इसके साथ ही 61 लाख 63 हजार 252 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा जब्त की गई है। तीन पासबुक और एक एटीएम कार्ड भी बरामद हुए हैं।
हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
कोशी क्षेत्र पुलिस उप-महानिरीक्षक कुमार आशीष न लोगों से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से नशे के कारोबार से संबंधित जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति से अवैध नशा कारोबारियों का नाम, पता और कारोबार करने के स्थान की जानकारी मांगी गई है। यदि संभव हो तो संबंधित गतिविधियों की फोटो या वीडियो भी साझा की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
वहीं, जिन लोगों की सूचना से अभियान में विशेष उपलब्धि हासिल होगी, उन्हें पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। कोशी क्षेत्र डीआईजी कुमार आशीष ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए आगे आएं, अवैध कारोबार की सूचना दें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।







