सुपौल: सिमराही की जाह्नवी ज्योतिर्मय ने राष्ट्रीय थांग-ता चैंपियनशिप में जीता कांस्य, वैष्णवी अर्पण भी सम्मानित

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल की छात्रा जाह्नवी ज्योतिर्मय ने 32वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय सहित बिहार का नाम रोशन किया है। श्रीनगर में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जाह्नवी ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में 25 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। राजस्थान की प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कड़े मुकाबले में जाह्नवी ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

जाह्नवी सिमराही निवासी कमल कुमार एवं अनामिका सिन्हा की पुत्री हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने जाह्नवी ज्योतिर्मय को स्मृति चिह्न एवं मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जाह्नवी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने जाह्नवी को होनहार छात्रा बताते हुए कहा कि विद्यालय परिवार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी विद्यालय की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने थांग-ता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह मणिपुर में विकसित प्राचीन पारंपरिक युद्ध कला है। इसे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जाह्नवी ने इससे पहले लखीसराय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीता था।

इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की दूसरी छात्रा वैष्णवी अर्पण ने भी कांस्य पदक हासिल किया। उन्हें भी सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने करतल ध्वनि के साथ दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *