Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान भीमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 65 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो और एक बाइक को भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो सवार तस्कर ने पुलिस से बचने के लिए फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश की और इस दौरान दो बाइक को टक्कर मार दी। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम भीमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस चेकपोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बाइक से गांजा ले जा रहे दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज तिलाठी निवासी रमण कुमार झा और दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा के साथ बाइक भी जब्त कर ली।
वहीं, शनिवार सुबह दूसरी कार्रवाई के दौरान भीमपुर पुलिस ने भीमनगर की ओर से आ रही एक ब्लैक स्कॉर्पियो को बैंक ऑफ इंडिया के पास एसएच-91 पर रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन रोकने के बजाय स्कॉर्पियो को पीछे करते हुए पुलिस वाहन में टक्कर मार दी और भागने लगा। इस दौरान स्कॉर्पियो ने एक फेरीवाले की बाइक को टक्कर मार दी और आगे एक घर के पास खड़ी दूसरी बाइक को भी रौंद दिया।
बताया जा रहा है कि भागने के दौरान एक बाइक स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई, जिसके कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 53 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र निवासी आदर्श कुमार को गिरफ्तार किया गया।
स्कॉर्पियो पकड़ने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपी की पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्रवाई के दौरान के अन्य वीडियो भी सामने आए हैं। इस मामले में त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जानकारी सामने आई है। मामले में जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। पिछले 24 घंटे में भीमपुर थाना क्षेत्र में हुई दोनों कार्रवाइयों में कुल 65 किलो गांजा बरामद किया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्कॉर्पियो की टक्कर से किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है और कार्रवाई के दौरान कोई बड़ी चोट सामने नहीं आई है। बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।







