Report: A.K. Chaudhary
आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुपौल जिले के राघोपुर थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने की। बैठक में एसडीपीओ पवन कुमार, बीडीओ सत्येंद्र कुमार एवं राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विसर्जन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी पूजा समितियां निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। पूजा पंडालों में स्वयंसेवकों (वॉलंटियर) की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने पर जोर दिया। साथ ही मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे मेला परिसर में व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने में सुविधा हो। एसडीएम ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पूजा समितियों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

वहीं, एसडीपीओ पवन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी पूजा समितियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने पूजा स्थलों की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनके माध्यम से लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखे जाएं, ताकि आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
एसडीपीओ ने बताया कि पूजा स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी और पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने विसर्जन को लेकर भी पहले से तैयारी पूरी करने की आवश्यकता जताई। विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल का चयन पहले ही कर लिया जाए तथा वहां पर्याप्त रोशनी और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विसर्जन के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसके अलावा जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहने की बात कही गई। उन्होंने सभी पूजा समितियों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और पूजा समिति के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे। लोगों ने पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर नजर रखने तथा पूजा स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने जैसे सुझाव भी दिए। इन सुझावों पर एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
मौके पर शैलेंद्र सिंह, प्रो कमल यादव, प्रो बैद्यनाथ भगत, ललित जायसवाल, अशोक साह, प्रकाश यादव, सूर्य नारायण यादव, अताउर रहमान, मित्तन यादव, रबेन मंडल, रवि दास, राधा देवी, बबलू भगत, नरेंद्र यादव, सचिन पंसारी, विजय मंडल, दीनानाथ अग्रवाल, संतोष शर्मा, मो ह्यूम, गुड्डू चौधरी, कुंदन जायसवाल, प्रमोद साह, चंदू दास, सहित शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







