सुपौल: पिपरा में ट्रक-ऑटो की टक्कर में मजदूर की मौत, तीन घायल, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कमलपुर मोड़ के समीप एनएच-131 पर शुक्रवार की रात ट्रक और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक मजदूर की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह लिटियाही चौक के पास एनएच-327ई पर प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित कर दिया।

मृतक की पहचान बसहा गांव निवासी 50 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। घायलों में रमेश सदा समेत तीन लोग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, चारों लोग शुक्रवार रात ऑटो से सिमराही जा रहे थे। वहां से उन्हें पंजाब में मजदूरी करने के लिए रवाना होना था। इसी दौरान कमलपुर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अर्जुन शर्मा ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी तीन घायलों का उपचार जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

अर्जुन शर्मा की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शनिवार सुबह लिटियाही चौक के पास सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग एनएच-327ई को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और बांस-बल्ले लगाकर आवागमन रोक दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाए। सड़क जाम के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस के आश्वासन के बाद हटा जाम

घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उचित मुआवजा दिलाने तथा मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर आवागमन बहाल हो सका।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *