सुपौल में प्रेम विवाह के 9 महीने बाद पत्नी को पेट्रोल डालकर जलाया, इलाज के दौरान मौत, पति फरार

Report: A.K. Chaudhary

बिहार के सुपौल जिले में एक विवाहिता की जलने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और शादी के करीब नौ महीने बाद यह घटना हुई। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

मामला रतनपुर थाना क्षेत्र में लालमनपट्टी के समीप उपशाखा नहर के पास का है। जानकारी के मुताबिक, भपटियाही थाना क्षेत्र के लौकहा गांव निवासी संजीव साह ने करीब नौ महीने पहले मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली दामिनी देवी (21) से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि देर रात संजीव अपनी पत्नी को सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी।

झुलसी हालत में गांव पहुंची महिला

घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी दामिनी किसी तरह गांव पहुंची। उसकी हालत देखकर स्थानीय महिलाएं मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने महिला को कपड़े से ढकने के बाद पुलिस की डायल 112 सेवा और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की सहायता से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर स्थिति के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृत्यु से पहले पति पर लगाया आरोप

बताया गया कि दम तोड़ने से पहले दामिनी ने गांव की महिलाओं के सामने अपने पति पर उसे जलाने का आरोप लगाया था। उसने कथित तौर पर बताया कि उसका मायका मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन में है और पति उसे सुनसान जगह पर ले गया था। वहां पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद वह मौके से भाग गया। पुलिस मामले में महिला के मृत्यु पूर्व बयान समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

दो थानों की पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर और भपटियाही थाने की पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि लौकहा निवासी संजीव साह पर अपनी पत्नी को जलाकर घायल करने का आरोप है। महिला को पुलिस की मदद से एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने और आरोपी से पूछताछ के बाद घटना की परिस्थितियों के संबंध में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *