सुपौल: एसडीएम ने करजाईन पॉलिटेक्निक कॉलेज का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर समस्याओं के समाधान का दिया निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल में पदस्थापित एसडीएम विनय कुमार इन दिनों अपने लगातार निरीक्षण अभियान को लेकर चर्चा में हैं। अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर वे लगातार विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके निरीक्षण का दायरा स्कूल-कॉलेज, सरकारी कार्यालय, सरकारी व गैर सरकारी अस्पताल, बाजार, होटल, अतिक्रमण और जनसमस्याओं तक फैला हुआ है। वे विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर न केवल व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, बल्कि सामने आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।

एसडीएम विनय कुमार के इस सक्रिय कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से विनय कुमार ने वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला है, तब से प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है। विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार के साथ ही आम लोगों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना जा रहा है। लोगों को उम्मीद जगी है कि प्रशासन की सक्रियता से लंबे समय से लंबित छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

इसी कड़ी में शनिवार को एसडीएम विनय कुमार राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाईन स्थित गवर्मेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर की व्यवस्थाओं को देखा और वहां मौजूद छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम ने बच्चों के बीच कुछ समय भी बिताया और उनसे सहज माहौल में संवाद किया।

निरीक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि उन्हें बच्चों के बीच जाना और उनके साथ समय बिताना काफी अच्छा लगता है। बच्चों से बातचीत करने पर उनकी वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि करजाईन पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचने पर जानकारी मिली कि वहां खानपान और पेयजल सहित कुछ छोटी-छोटी समस्याएं हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित लोगों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

एसडीएम का मानना है कि प्रशासनिक अधिकारियों का काम केवल कार्यालयों में बैठकर निर्देश देना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखना और लोगों की समस्याओं को समझना भी है। लगातार हो रहे निरीक्षण से विभागीय अधिकारियों और कर्मियों में भी सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।

बहरहाल, वीरपुर अनुमंडल में एसडीएम विनय कुमार का लगातार जारी निरीक्षण अभियान स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि इसी तरह नियमित रूप से जमीनी स्तर पर निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल जारी रही तो शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य सरकारी व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]