सुपौल: रबी सीजन में किसानों को उचित मूल्य पर मिलेगी खाद, सांसद और डीएम ने की उर्वरक निगरानी समिति की बैठक

Report: A.K. Chaudhary

रबी मौसम में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर मंगलवार को सुपौल जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद दिलेश्वर कामैत एवं जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं और उर्वरक कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ खाद की उपलब्धता, वितरण एवं परिचालन की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रबी सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें निर्धारित मूल्य पर आसानी से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में सभी थोक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ खुदरा विक्रेताओं के माध्यम से किसानों तक समय पर और उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि सभी खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर खाद वितरण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही सभी उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। विशेष रूप से नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरक की बिक्री एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिले में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा निर्धारित दर पर ही उर्वरक की बिक्री सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]