Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और स्कूली बच्चों को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी कमलेश कुमार सिंह ने किया। इस दौरान पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
अभियान के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों के 100 गज के दायरे में आने वाली किराना दुकानों, पान-गुमटियों और अन्य छोटी दुकानों की जांच की गई। पुलिस टीम ने दुकानों में तलाशी लेकर नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री को लेकर पड़ताल की। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे गुटखा, पान मसाला, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं करें।

पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि स्कूलों के आसपास बच्चों को नशे का सामान बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन कर नशीले पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कोटपा अधिनियम समेत अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दुकान सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। छापेमारी अभियान में राजीव सिंह, जेपी सिंह, राहुल कुमार सहित थाना के दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल रहे।







