Report: A K. Chaudhary
सुपौल जिले में छठ महापर्व के उल्लास के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मरौना अंचलाधिकारी के सरकारी वाहन की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे में पिता ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान नदी थाना क्षेत्र के तोफिर वार्ड नंबर-10 निवासी राधे मंडल के तीन वर्षीय पुत्र भरत कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, भरत अपनी नानी के साथ नौनिहाल में रह रहा था। घटना के समय वह अपनी नानी के साथ एक दुकान पर गया था। इसी दौरान बच्चा अचानक सड़क पार करने लगा। तभी वहां से गुजर रहे मरौना अंचलाधिकारी के सरकारी वाहन की चपेट में वह आ गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद अंचलाधिकारी घायल बच्चे को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि भरत अपने पिता का इकलौता पुत्र था। छठ महापर्व को लेकर जहां लोग पर्व की तैयारियों और खुशियों में जुटे हैं, वहीं इस घटना ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही निर्मली और नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन करने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
छठ महापर्व की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।







