Report: A.K. Chaudhary
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर पूरे सुपौल जिले में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में पहुंचकर छठ घाटों का निरीक्षण किया। वहीं, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने भी सुपौल शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खरना के दिन सिमराही के छठ पोखर पहुंचे डीएम-एसपी
छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित ऐतिहासिक छठ पोखर पहुंचे। दोनों अधिकारियों के इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों में पोखर के विकास और जीर्णोद्धार की उम्मीद जगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह छठ पोखर लंबे समय से क्षेत्र की धार्मिक और सामाजिक आस्था का केंद्र रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों का यहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से ऐतिहासिक छठ पोखर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
निर्मली प्रखंड के छठ घाटों का भी हुआ निरीक्षण
जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने राघोपुर के बाद निर्मली प्रखंड अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रोशनी और छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां रखने का निर्देश दिया गया।

बसंतपुर प्रखंड के घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
त्रिवेणीगंज के छठ घाटों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
छठ महापर्व को लेकर शनिवार को डीएम सावन कुमार एवं एसपी शरथ आर.एस. ने त्रिवेणीगंज प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डीएम-एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

डीडीसी ने सुपौल शहर के घाटों का लिया जायजा
इधर, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने भी शनिवार को सुपौल शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने गांधी मैदान, शनि मंदिर, चकला निर्मली सहित अन्य स्थानों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति देखी। संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
प्रशासनिक सक्रियता से श्रद्धालुओं में भरोसा
छठ महापर्व के दौरान जिले के अलग-अलग प्रखंडों में अधिकारियों के लगातार निरीक्षण से प्रशासन की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। एक ओर जहां छठ घाटों पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।







