सुपौल में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, छठ की खरीदारी कर लौट रहे युवक की गई जान

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना एनएच-327ई पर जागुर स्थित कुम्हार टोला बस्ती के समीप हुई, जहां बाइक और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जागुर वार्ड संख्या-11 निवासी रघुनंदन यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वीरेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा की सामग्री खरीदने बाजार गए थे। कुछ सामान खरीदकर घर रखने के बाद वह दोबारा बाजार लौट रहे थे। इसी दौरान कुम्हार टोला के पास उनकी बाइक की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई।

हादसे के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, वहीं इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]