सुपौल: थूमहा पहुंचे सांसद पप्पू यादव, मृतकों के परिजनों से मिले, सरकार से 20-20 लाख मुआवजे की मांग

Report : A.K. Chaudhary

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव रविवार देर शाम सुपौल जिले के थूमहा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अररिया सड़क हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

गौरतलब है कि बीते बुधवार को तिलक समारोह से लौटने के दौरान अररिया में हुए भीषण सड़क हादसे में थूमहा गांव के छह युवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव सभी मृतकों के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर उनका दुख साझा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला। सांसद ने आरोप लगाया कि हादसे की रात यदि प्रशासन तत्परता दिखाता तो युवकों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने सुपौल के जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए उनकी भूमिका पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से संवेदना व्यक्त नहीं की गई।

पप्पू यादव ने राज्य सरकार से प्रत्येक मृतक के परिजन को 20-20 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी ने फोन कर उन्हें पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचने को कहा था।

इस दौरान सांसद ने तत्काल सभी पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन मृतकों के घर में बेटियां हैं, उनकी शादी का पूरा खर्च वह उठाएंगे। मौके पर सांसद के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]