सुपौल: करजाईन पुलिस की बड़ी कार्यवाई, 380 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 380 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक आईफोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करजाईन थाना क्षेत्र के दहगामा गांव, वार्ड संख्या 04 निवासी रमेश मेहता के रूप में हुई है।

जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को करजाईन थानाध्यक्ष रामबहादुर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-38AA-8856) से संदिग्ध सामान की तस्करी की जाने वाली है। सूचना के अनुसार, उक्त वाहन वीरपुर की तरफ से सिमराही की ओर आने वाला था।

सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए करजाईन थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बायसी चौक के आगे केदार चौक के पास वाहन पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को आते देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही कार में सवार व्यक्ति भागने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष और छापेमारी दल के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की तो उसके वाहन से स्मैक तस्करी किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 380 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक आईफोन भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश मेहता के रूप में की गई। पुलिस अब बरामद स्मैक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही मोबाइल फोन की जांच और तकनीकी शाखा की मदद से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

इस छापेमारी दल में करजाईन थानाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, पीटीसी दिवाकर तिवारी, सशस्त्र बल के सिपाही उत्तम पासवान तथा गृह रक्षक चंदन कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *