CM नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा: 20 जनवरी को आएंगे सुपौल, तैयारी जोरों पर

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुपौल जिले के दौरे की तैयारी जोरों पर है। संभावना है कि वे 20 जनवरी को सुपौल पहुंचेंगे, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री इस दौरान सदर प्रखंड के बकौर पंचायत का भ्रमण करेंगे, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में करोड़ों रुपये की कई योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और तैयारियों को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। बकौर पंचायत के अलावा, अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

यह दौरा मुख्यमंत्री की “प्रगति यात्रा” के अंतर्गत हो रहा है, जिसमें वे विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हैं। पिपरा प्रखंड मुख्यालय के प्रखंड कार्यालय और नगर पंचायत परिसर को भी चकाचक किया जा रहा है। सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई के कार्य तेजी से हो रहे हैं, क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का काफिला इस मार्ग से गुजरते समय कुछ क्षणों के लिए यहां रुक सकता है।

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रशासनिक अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इस दौरे को लेकर स्थानीय जनता के बीच उत्साह है, क्योंकि मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *