सुपौल: बलुआ पहुंचे CM सम्राट चौधरी, डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का किया अनावरण; कोसी-मैची लिंक परियोजना का भी लिया जायजा

Report: A.K. Chaudhary

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को सुपौल जिले के बलुआ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की 7वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पैतृक गांव बलुआ में आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलुआ में भव्य तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर बलुआ में बनाए गए हेलीपैड पर लैंड हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बलुआ स्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के स्मृति स्थल पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र मंत्री नीतीश मिश्र ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण किया और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा छातापुर विधायक नीरज बबलू, पिपरा विधायक रामविलास कामत, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम सरदार सहित कई नेता एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर बलुआ में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बलुआ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. समेत जिले के तमाम वरीय अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की गई थी।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कोसी-मैची लिंक परियोजना के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने करीब 18 किलोमीटर क्षेत्र में चल रहे कोसी-मैची लिंक परियोजना के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और कार्यों की जानकारी ली गई।

परियोजना का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य और इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना से संबंधित आवश्यक जानकारी ली और कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बलुआ में सुबह से ही प्रशासनिक हलचल तेज रही। हेलीपैड से लेकर स्मृति स्थल और परियोजना निरीक्षण वाले क्षेत्र तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बलुआ में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।

Leave a Comment