सुपौल: धर्मपट्टी काली मंदिर में बड़ी चोरी, तीन गेटों के ताले तोड़कर लाखों के आभूषण व सामान ले उड़े चोर

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार की देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर के मुख्य द्वार समेत तीन गेटों का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गोदरेज व ट्रंक का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, बाजा समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो तीनों गेटों के ताले टूटे हुए जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद मंदिर के अंदर जाकर देखा गया तो गोदरेज और ट्रंक का ताला भी टूटा हुआ था। गोदरेज क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा मिला। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ग्रामीणों को थाना में आवेदन देने की सलाह दी।

ग्रामीण नरेन्द्र कुमार झा, प्रमानंद मिश्र, भवानंद मिश्र, प्रकाश मिश्र, ललित नारायण मिश्र, राजीव ठाकुर समेत अन्य लोगों ने बताया कि धर्मपट्टी काली मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां दीपावली के अवसर पर भव्य मेला भी आयोजित होता है। श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य मूल्यवान सामग्री मंदिर के गोदरेज में सुरक्षित रखी गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है और जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

इधर, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। डायल-112 पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment