



न्यूज डेस्क सुपौल:
सामाजिक न्याय और कुशवाहा समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर आगामी 15 जुलाई को सिमराही के लखीचंद साहू हाई स्कूल के मैदान में ‘कुशवाहा स्वाभिमान रैली’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक रैली में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसको लेकर शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड के सिमराही स्थित एक निजी होटल में जिलास्तरीय तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में राजद के प्रधान महासचिव भूप नारायण यादव, राजद जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, पूर्व विधायक यदुवंश यादव, राजद के वरिष्ठ नेता बैजनाथ मेहता, सिंहेश्वर विधायक डॉ. चंद्रहास चौपाल, डॉ. वीपीन सिंह, प्रो. शाहिदुर रहमान, राजद महिला जिलाध्यक्ष सोनी कुमारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में दिखा जोश, रैली को ऐतिहासिक बनाने का लिया गया संकल्प
बैठक में नेताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कुशवाहा समाज की अस्मिता, सम्मान और अधिकारों की एक संगठित आवाज है।
बैठक में यह भी बताया गया कि रैली की तैयारी जोरशोर से चल रही है और जिले भर से हजारों की संख्या में कुशवाहा समाज के लोग, छात्र-नौजवान, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक इसमें भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने कहा कि,
“राजद शुरू से सामाजिक न्याय, पिछड़ों-अतिपिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। कुशवाहा समाज की भागीदारी को मजबूत करने के लिए यह रैली मील का पत्थर साबित होगी।”
पूर्व विधायक यदुवंश यादव ने कहा कि हमलोग अपने पुरखे को याद करते है और उनके पुण्यतिथि या जन्मदिन पर उनके पदचिन्हों पर चलने का प्रयास करते है। आज की यह बैठक कार्यक्रम की तैयारी को लेकर थी। कहा कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा और यह एक नया इतिहास रचने का काम करेगा, इसके लिए हम सभी नेता, कार्यकर्ता तत्पर है।
बैद्यनाथ मेहता के नेतृत्व में हो रहा आयोजन, राजद महिला नेताओं की भी सक्रिय भूमिका
रैली का नेतृत्व राजद के नेता बैजनाथ मेहता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को सिमराही स्थित लखीचंद उच्च विद्यालय के मैदान में कुशवाहा स्वाभिमान रैली का आयोजन होगा। यह रैली कोसी के लाल स्व बैद्यनाथ मेहता के पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह रैली परिवर्तन की रैली हैं। उत्तर बिहार में राजनीतिक क्रांति साबित होगी। कुशवाहा समाज को हक़ दिलाने के लिए राजद से जोड़ रहे है। कहा कि इस क्षेत्र के कुशवाहा समाज के लोग एकजुट होकर राजद के साथ है और इस रैली में कुशवाहा समाज की भागीदारी ऐतिहासिक स्तर पर होगी, जिससे कुशवाहा समाज के अंदर जागरूकता और संगठन शक्ति को और बल मिलेगा।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 15 जुलाई को सुबह 11 बजे सिमराही पहुंचेंगे, जहां वे लखीचंद हाई स्कूल मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करेंगे। रैली में वे कुशवाहा समाज के मुद्दों, शिक्षा, आरक्षण, भागीदारी, आर्थिक सशक्तिकरण और किसान हितों पर खुलकर बात करेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है यह रैली
इस रैली को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। यह माना जा रहा है कि राजद नेतृत्व पिछड़े वर्गों और खासकर कुशवाहा समाज को मजबूत आधार के रूप में संगठित करना चाहता है, जिससे सामाजिक समीकरणों में नई मजबूती आए।

मौके पर प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ की महासचिव कुमारी मधु यादव, प्रकाश यादव, सिमराही नगर अध्यक्ष सलीमा खातून, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष वेबी खातून, संतोष चौधरी, संजय यादव, उमा मेहता सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।