सुपौल को बड़ी रेल सौगात: ललितग्राम में वाशिंग पिट लाइन निर्माण को रेलवे बोर्ड की मंजूरी

News Desk Supaul:

जिले के ललितग्राम में वाशिंग पिट लाइन निर्माण को रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगभग ₹50 करोड़ की लागत आएगी। यह जानकारी सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत ने दी।

सांसद ने बताया कि ललितग्राम में वाशिंग पिट के निर्माण के बाद यहां से देश के विभिन्न महानगरों के लिए नई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे न केवल सुपौल बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र के रेल विकास को नई गति मिलेगी और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि यह परियोजना कोसी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग रही है, जो अब साकार होने जा रही है। उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम है।

वाशिंग पिट लाइन बनने से ट्रेनों की रखरखाव व्यवस्था मजबूत होगी, नए रूट्स पर ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]