सुपौल: छातापुर बस स्टैंड पर खड़ी यात्री बस में भीषण आग, दमकल की देरी पर भड़के लोग, पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़

सुपौल के छातापुर बस स्टैंड पर खड़ी देव ट्रेवल्स की बस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल की देरी से नाराज लोगों ने पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के छातापुर बस स्टैंड पर बुधवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जहां खड़ी एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

धूं धूं कर जलती बस

बताया जा रहा है कि “देव ट्रेवल्स” नाम की यह बस छातापुर से पटना जाने वाली थी और रात करीब साढ़े आठ बजे यात्रियों को लेकर रवाना होने वाली थी। बस स्टैंड पर खड़ी बस में निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

आग लगने के बाद बस स्टैंड और आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों के जरिए आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। बस स्टैंड बीच बाजार में होने के कारण आसपास की दुकानों तक आग फैलने का खतरा भी बढ़ गया, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।

वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद करीब आधे घंटे तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। इसी देरी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, अगर समय पर दमकल पहुंच जाती तो इतना नुकसान नहीं होता। आक्रोशित भीड़ ने गुस्से में आकर मौके पर पहुंची छातापुर थाना की पुलिस गाड़ी को निशाना बनाया और उसमें तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ करते आक्रोश लोग

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। बाद में किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और आसपास के कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment