Report: A.K. Chaudhary
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने मंगलवार की रात अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।
जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस द्वारा विभिन्न कांडों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार रात्रि में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि राघोपुर थाना कांड संख्या 92/26 के नामजद अभियुक्त सतकोदरिया वार्ड संख्या-04 निवासी मो. जमील अख्तर को गिरफ्तार किया गया। वहीं राघोपुर थाना कांड संख्या 229/26 के नामजद अभियुक्त बौआलाल शर्मा एवं विनोद शर्मा, दोनों को बतरान वार्ड संख्या-05 से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा राघोपुर थाना कांड संख्या 281/26 के नामजद अभियुक्त बेन्गाईपट्टी, हुलास निवासी दिलीप राम को भी पुलिस ने अलग स्थान से गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि राघोपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







