सुपौल: सड़क हादसे में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत, मुआवजे की मांग को लेकर NH-27 चार घंटे रहा जाम

सुपौल के भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर में सड़क हादसे में घायल 14 वर्षीय संतोष मंडल की नेपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-27 पर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
oplus_0

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर में सड़क दुर्घटना में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक की पहचान नारायणपुर वार्ड संख्या-8  निवासी श्यामसुंदर मंडल के 14 वर्षीय पुत्र संतोष मंडल के रूप में हुई है। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के शव को एनएच-27 पर रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे एनएच पर दोनों ओर करीब चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, यह सड़क दुर्घटना 27 जुलाई को भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर स्थित एनएच-27 पर हुई थी। संतोष मंडल सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां बाद में नेपाल के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

किशोर का शव बुधवार को गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। दोपहर करीब 1 बजे परिजनों ने शव को एनएच-27 पर रखकर सड़क जाम कर दिया और उचित मुआवजा तथा प्रशासनिक सहायता की मांग करने लगे। जाम के कारण एनएच पर दोनों ओर करीब चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही, राघोपुर और पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। काफी देर तक समझाने-बुझाने और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिए जाने के बाद शाम करीब 5 बजे परिजनों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और एनएच-27 पर यातायात सामान्य कराया।

गौरतलब है कि दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस ने संबंधित बस को जब्त कर लिया था और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी थी।

मामले को लेकर भपटियाही थानाध्यक्ष जेपी चौधरी ने बताया कि सड़क जाम समाप्त करा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]