सुपौल: राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार, गांजा और चोरी के सामान के साथ दो गिरफ्तार, भेजा जेल

राघोपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 1480 ग्राम गांजा, देशी पिस्टल, 39 मोबाइल और नकदी के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया। मामले में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा, हथियार, चोरी के मोबाइल फोन और बाइक के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले की जानकारी शुक्रवार को राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने दी।

एसडीपीओ ने बताया कि गुरुवार की संध्या पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गद्दी गांव, वार्ड संख्या 12 में श्रवण साह द्वारा गांजा और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही घर में मौजूद दो युवक और एक महिला भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल और महिला सिपाही की तत्परता से एक युवक और एक महिला को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि एक अन्य युवक फरार होने में सफल रहा।

जब्त सामान

गिरफ्तार युवक की पहचान अमरेंद्र साह के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई है, जबकि महिला की पहचान श्रवण साह की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे ट्रंक के नीचे छिपाकर रखा गया काले रंग का पॉलिथिन बरामद हुआ। जब उसे खोला गया तो उसमें दो पैकेट में कुल 1480 ग्राम गांजा पाया गया।

इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस, आठ पुरानी घड़ियां, एक डिजिटल तराजू और 46,525 रुपये नकद भी बरामद किए। छापेमारी के दौरान 39 मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसके चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार में अमरेंद्र साह और श्रवण साह की संलिप्तता भी सामने आई है। इस मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से थाना में पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। राघोपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

छापेमारी दल में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, पुअनि अमिय प्रसुन्न, पुअनि मुकुल आजाद, पुअनि राजू कुमार, परिपुअनि उमेश कुमार पासवान, परिपुअनि रोशनी कुमारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]