सुपौल: NH-27 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से दादी-पोते की मौत, युवक गंभीर, साढ़े तीन घंटे तक सड़क जाम

सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में NH-27 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से दादी और पोते की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। NH-27 पर अनंत चौक के समीप मुरलीगंज शाखा नहर पुल के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

मृतकों की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के भूड़ा पथरा गांव निवासी 60 वर्षीय सरस्वती देवी और उनके 15 वर्षीय पोते गणेश कुमार के रूप में की गई है। वहीं इस हादसे में 20 वर्षीय कुलदीप कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए नरपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि सरस्वती देवी, गणेश कुमार और कुलदीप कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र स्थित मस्कन गांव से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे अनंत चौक के पास नहर पुल से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठे दादी और पोते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे से नाराज लोगों ने NH-27 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब साढ़े तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण हाईवे के दोनों ओर लगभग छह किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मामले की सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय, छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए सुपौल मुख्यालय से डीएसपी भी दंगा नियंत्रण बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। प्रशासन की ओर से प्रभारी अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।

इसी बीच निर्मली के पूर्व राजद प्रत्याशी बैजनाथ मेहता भी मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस से फोन पर बातचीत कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि हादसे के समय डायल-112 की पुलिस टीम आसपास मौजूद थी, इसके बावजूद ट्रक चालक को पकड़ने के लिए तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस बात को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। मामले में अज्ञात ट्रक और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]