News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत वार्ड नम्बर 4 स्थित महादलित टोला में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई। हमलावरों द्वारा महिला पुलिसकर्मी की राइफल छीने जाने की भी सूचना है। हालांकि सूत्रों के अनुसार काफी खोजबीन के बाद छीनी गई राइफल टोला के समीप गम्हरिया उप शाखा नहर किनारे झाड़ी से बरामद की गई।

घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राघोपुर थाना पुलिस को महादलित टोला में कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में हंगामा किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और पुलिस तथा स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।
लाठी-डंडे और पथराव से पुलिस टीम पर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस जिप्सी पर भी पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी को घेरकर उसकी राइफल भी छीन ली गई थी।

हमले में एएसआई अंजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है और इलाज के दौरान पांच टांके लगाए गए हैं। वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी भी हमले में घायल हुई हैं। दोनों का उपचार कराया जा रहा है।
घटना अचानक हुई, लोग इधर-उधर भागने लगे
घायल एएसआई अंजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलने के बाद इलाके में पहुंची थी। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर ही रही थी कि अचानक कुछ उपद्रवी आक्रामक हो गए और हमला शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया।
एएसआई के मुताबिक, घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी वहां से भागने लगे। पुलिस टीम की संख्या कम होने के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सक डॉ राहुल झा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे घायल दोनों पुलिस इलाज हेतु अस्पताल आया, दोनों चोटिल थे। बताया कि एक को ज्यादा चोट लगी थी। जिसका इलाज करने के बाद स्थिति सामान्य है।
ग्रामीणों ने भी बताई अपनी बात
घटना को लेकर स्थानीय महिला रिंकू देवी ने बताया कि रात के समय अधिकांश लोग खाना खाकर सो चुके थे। कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों से पूछताछ शुरू की। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और कई लोगों के साथ मारपीट भी की गई। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
देर रात गांव बना पुलिस छावनी
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी शरथ आर. एस. वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, छीनी गई राइफल को बाद में गांव के समीप एक खेत से बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस पर अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस ने वीडियो-फुटेज के आधार पर घटनास्थल से 9 लोगो को गिरफ्तार किया।
मामले में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाई की जा रही है।







